
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में महेशगंज थाना इंचार्ज राधेबाबू का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में थाना इंचार्ज क्षेत्र के ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह बातचीत एक क्षेत्रीय पत्रकार और थाना इंचार्ज के बीच हुई थी, जिसमें थानेदार ने कथित तौर पर ब्राह्मण समाज के लोगों को अनपढ़ और गंवार जैसे शब्दों से संबोधित किया। ऑडियो सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है और पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो को लेकर स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे समाज में गलत संदेश जा रहा है।
फिलहाल वायरल ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब सभी की नजरें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई की जाती है।