मुंबई के घाटकोपर स्थित पंतनगर पुलिस ने ई-सिगरेट और इंपोर्टेड तंबाकू उत्पादों के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने टिळक रोड इलाके में कार्रवाई करते हुए एक पान शॉप संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो कथित तौर पर पान शॉप की आड़ में ई-सिगरेट और इंपोर्टेड सिगरेट की बिक्री कर रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि “त्रिवेदी पान शॉप” का मालिक दुकान से कुछ दूरी पर खड़ी नैनो और बलेनो कार के जरिए ग्राहकों तक ई-सिगरेट और तंबाकू उत्पाद पहुंचा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों कारों की तलाशी ली। जांच के दौरान कारों से करीब 90 ई-सिगरेट और 135 इंपोर्टेड सिगरेट बरामद की गईं।
इसके बाद पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में पान शॉप की तलाशी ली, जहां से 8 ई-सिगरेट और 5 इंपोर्टेड सिगरेट और बरामद हुईं। कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया। वहीं, बृहन्मुंबई महानगरपालिका के N वॉर्ड अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पान शॉप को हटाने की कार्रवाई भी की।
पंतनगर पुलिस के अनुसार, आरोपी दुकान मालिक के खिलाफ ई-सिगरेट प्रतिबंध कानून और कोटपा एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय नगरसेवक राखी जाधव और धर्मेश गिरी भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि शहर में युवाओं को निशाना बनाकर चलाए जा रहे ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।