सिद्धार्थनगर में AIMIM कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे के कथित विवादित बयान के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के जिला अध्यक्ष निशात अली की अगुवाई में कार्यकर्ता और पदाधिकारी जनपद मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए महामहिम राज्यपाल और भारतीय चुनाव आयोग को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन कर रहे AIMIM नेताओं का आरोप है कि नितेश राणे ने सार्वजनिक मंच से AIMIM को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली।
AIMIM के जिला अध्यक्ष निशात अली ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस तरह के बयान लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान और करोड़ों मतदाताओं का अपमान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नितेश राणे लगातार अल्पसंख्यक समुदाय और विपक्षी दलों के खिलाफ भड़काऊ बयान देते रहे हैं, जिससे समाज में धार्मिक उन्माद और तनाव फैलने का खतरा बढ़ता है।
पार्टी ने मांग की है कि नितेश राणे के खिलाफ घृणास्पद भाषण और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त किया जाए। साथ ही भारतीय चुनाव आयोग से भी उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
AIMIM नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में सख्त कदम नहीं उठाती है तो भविष्य में इस तरह की बयानबाजी से देश का माहौल और अधिक खराब हो सकता है।