
नवी मुंबई। नवी मुंबई के तुर्भे स्टोर इलाके में 66 वर्षीय महिला की हत्या और कथित लूटपाट की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतका की पहचान अज़रुन्निसा अब्दुल वाहीद खान के रूप में हुई है, जो शिवशक्ति नगर क्षेत्र की निवासी थीं। घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर स्थानीय लोगों और मुस्लिम समाज के नागरिकों ने सड़क पर उतरकर ‘रास्ता रोको’ आंदोलन किया।
बोरी में मिला शव, गहने गायब होने का आरोप
पुलिस के अनुसार, महिला सोमवार शाम किराना सामान लेने घर से निकली थीं, जिसके बाद वह लापता हो गईं। मंगलवार तड़के उनका शव घर से करीब 300 मीटर दूर एक बोरी में बंद मिला। परिजनों का आरोप है कि महिला के शरीर पर मौजूद सोने के गहने गायब हैं। पुलिस शुरुआती जांच में लूटपाट के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
सड़क जाम, भारी पुलिस बल तैनात
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्य सड़क पर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं।