Home क्राइमसोलापुर महानगर पालिका में कथित घोटाला, अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी समेत 8 लोगों पर मामला दर्ज

सोलापुर महानगर पालिका में कथित घोटाला, अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी समेत 8 लोगों पर मामला दर्ज

by Kalpana Pandey
0 comments

सोलापुर। महाराष्ट्र के सोलापुर शहर में महानगर पालिका के अतिक्रमण विभाग से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए भंगार सामान को कथित तौर पर बेचने के आरोप में पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस पूरे प्रकरण का खुलासा स्थानीय पार्षदों ने किया।

जानकारी के मुताबिक, अतिक्रमण विभाग में लंबे समय से कार्यरत जगन्नाथ बनसोडे, जिन्हें शहर में “बुलडोजर मैन” के नाम से जाना जाता है, पर आरोप है कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर जब्त सरकारी सामान को निजी टेम्पो में भरकर बाहर बेचने की कोशिश की।

पार्षदों ने किया खुलासा

अमोल शिंदे और चेतन नरोटे ने इस मामले को उजागर किया। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद जब्त सामान पालिका गोदाम में रखा गया था। इसी दौरान गोदाम से भंगार बाहर ले जाने की सूचना मिलने पर पार्षद मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर सरकारी सामान ले जाते हुए देखा।

सूचना के बाद पुलिस और पालिका प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

जांच में जुटी पुलिस

बताया जा रहा है कि जगन्नाथ बनसोडे सेवानिवृत्ति के बाद भी अनुभव के आधार पर दोबारा सेवा में रखे गए थे। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सरकारी सामान बेचने का यह कथित खेल कब से चल रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

मामले को लेकर शहर की राजनीति और महानगर पालिका प्रशासन में हलचल मच गई है।

You may also like

Leave a Comment