
अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है तो उसे आज ही पूरा कर लें, क्योंकि 23 मई से 28 मई तक देश के कई हिस्सों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रह सकती हैं। इस दौरान वीकेंड, कर्मचारियों की हड़ताल और बकरीद की छुट्टी के चलते लगातार कई दिन बैंक बंद रहने वाले हैं। ऐसे में कैश जमा करना, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट, डिमांड ड्राफ्ट और अन्य जरूरी बैंकिंग काम प्रभावित हो सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, 24 और 25 मई को चौथे शनिवार और रविवार के कारण बैंक बंद रहेंगे। वहीं बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और कुछ राज्यों में बकरीद की छुट्टी की वजह से 23 से 28 मई के बीच अलग-अलग दिनों में कामकाज प्रभावित रहेगा। हालांकि ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन शाखाओं में होने वाले कामों में दिक्कत आ सकती है।
बैंक अधिकारियों का कहना है कि ग्राहकों को पहले से जरूरी लेन-देन निपटा लेना चाहिए ताकि बाद में परेशानी का सामना न करना पड़े। खासतौर पर व्यापारियों, सैलरी ट्रांजैक्शन और बड़े भुगतान करने वालों को समय रहते अपने काम पूरे करने की सलाह दी गई है।