
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता शमीम अहमद उर्फ “बड़े” पर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। वोट बाद हिंसा, बमबाजी और फायरिंग जैसे गंभीर मामलों में आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार करने के बाद हावड़ा लाया गया, जहां पुलिस ने उसे कमर में रस्सी बांधकर इलाके में पैदल मार्च कराया। इस कार्रवाई का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
पुलिस के मुताबिक शमीम अहमद पर शिवपुर इलाके में लंबे समय से दबंगई, अवैध निर्माण, तौलाबाजी और लोगों को धमकाने जैसे आरोप लगे हुए थे। चुनाव बाद हुई हिंसा और बमबाजी की घटनाओं में भी उसका नाम सामने आया था। कई मामलों में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार मुंबई से गिरफ्तार किया गया।
हावड़ा पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 8 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब उसके नेटवर्क, सहयोगियों और इलाके में चल रही कथित अवैध गतिविधियों की जांच में जुटी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें थीं, लेकिन अब पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद इलाके में डर का माहौल कम हुआ है। वहीं विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।