
मीरा-भाईंदर, महाराष्ट्र:
मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने सोमवार तड़के गोल्डन चौकी के पीछे स्थित क्षेत्र में अवैध धार्मिक निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने अनधिकृत मस्जिद और मंदिर के उन हिस्सों को हटाया, जिन्हें अवैध निर्माण की श्रेणी में चिन्हित किया गया था।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने पूरे अभियान की निगरानी की, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी धर्म विशेष को निशाना बनाकर नहीं की गई है, बल्कि अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे नियमित अभियान का हिस्सा है। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित पक्षों को पहले ही आवश्यक नोटिस और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी गई थी।
कार्रवाई के दौरान संबंधित मस्जिद के मौलाना ने भी प्रशासन का सहयोग किया और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। वहीं पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक, भड़काऊ या सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली पोस्ट साझा न करने का आग्रह किया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह शांत और नियंत्रण में बताई जा रही है।