
चंदौली
चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। बताया जा रहा है कि युवती का गांव के ही एक युवक के साथ पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी हैं।
परिजनों के अनुसार, युवक करीब एक सप्ताह पहले रोजगार के सिलसिले में दिल्ली चला गया था। उसके जाने के बाद से युवती मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। मंगलवार सुबह वह अचानक गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस, परिजन और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चले प्रयासों के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस ने युवती और उसके परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। मामले को लेकर आवश्यक कानूनी और सामाजिक पहलुओं पर भी पुलिस नजर बनाए हुए है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, समय रहते पुलिस और परिजनों की समझदारी से एक बड़ा हादसा टल गया।