Table of Contents

मुंबई: दक्षिण मुंबई के मझगांव इलाके में बीती रात गणपति बप्पा के आगमन के दौरान कथित तौर पर अंडे फेंके जाने की घटना के बाद कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में आक्रोश देखा गया और लोगों ने नारेबाजी करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि गणपति प्रतिमा के स्वागत के दौरान भीड़ के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर अंडे फेंके। घटना के तुरंत बाद बड़ी संख्या में लोग आक्रोशित हो गए और मौके पर नारेबाजी शुरू हो गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और भीड़ को सुरक्षित तरीके से घर लौटने के लिए समझाया।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इलाके में स्थिति सामान्य
फिलहाल मझगांव इलाके में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।