
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार से जुड़ी एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अखिलेश यादव के सौतेले भाई और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और उनका इलाज जारी था। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
38 वर्षीय प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के छोटे बेटे थे। हालांकि वे राजनीति से दूर रहे और उन्होंने कभी चुनाव नहीं लड़ा। प्रतीक यादव रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस से जुड़े थे। लखनऊ में उनका जिम कारोबार भी था और उन्हें फिटनेस का बेहद शौक था।
प्रतीक यादव ने यूनाइटेड किंगडम की लीड्स यूनिवर्सिटी से MBA की पढ़ाई की थी। साल 2017 में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा था कि वे राजनीति में आने के बजाय अपने कारोबार पर ध्यान देना चाहते हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले भी उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस दौरान अपर्णा यादव और अखिलेश यादव भी उनसे मिलने पहुंचे थे। इलाज के बाद हालत स्थिर होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई थी।
प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही यादव परिवार, समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल अस्पताल में परिवार के करीबी और समर्थकों का पहुंचना लगातार जारी है। मौत की असली वजह क्या रही, इसको लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।