
कल्याण: ठाणे जिले के कल्याण स्थित चिकनिपाड़ा इलाके में शुक्रवार तड़के मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। श्री विट्ठल मंदिर के बाहर एक पेड़ के नीचे रखे कचरे के डिब्बे में एक नवजात बच्ची जीवित अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह मंदिर परिसर में पहुंचे लोगों की नजर एक संदिग्ध बोरी पर पड़ी। जब स्थानीय लोगों ने बोरी की जांच की तो उसके अंदर करीब 6 से 7 दिन की नवजात बच्ची मिली। बच्ची के जीवित होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय महिला पूजा जावेकर उसे तत्काल उपचार के लिए रुक्मिणीबाई अस्पताल लेकर पहुंचीं।
अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा की गई प्राथमिक जांच में बच्ची की उम्र लगभग एक सप्ताह बताई गई है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर और सामान्य है। अस्पताल प्रशासन ने बच्ची को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलते ही कोलसेवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान की जा सके। इसके अलावा आसपास के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। नागरिकों ने नवजात बच्ची को इस तरह लावारिस छोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही जिम्मेदार लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।