[gtranslate]
Home ट्रेंडिंगखराब सोयाबीन की फसल ने बढ़ाई किसानों की चिंता, मुआवजे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान

खराब सोयाबीन की फसल ने बढ़ाई किसानों की चिंता, मुआवजे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान

by Kalpana Pandey
0 comments

सीहोर, मध्य प्रदेश: सीहोर जिले के दोराहा तहसील क्षेत्र में सोयाबीन की फसल खराब होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसल खराब होने के बाद आर्थिक संकट का सामना कर रहे किसानों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और जल्द फसल सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की।

बड़ी संख्या में किसान अपने साथ खराब हुई सोयाबीन की फसल लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने प्रशासन को फसल की स्थिति दिखाई और बताया कि क्षेत्र में कई किसानों की सोयाबीन की फसल खराब हो चुकी है। इससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

किसानों का कहना है कि सोयाबीन उनके लिए आय का प्रमुख साधन है। फसल खराब होने के कारण परिवार के भरण-पोषण के साथ बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्चों को लेकर भी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने प्रशासन से जल्द राहत देने की मांग की है।

किसानों ने आरोप लगाया कि फसल खराब होने के बावजूद क्षेत्र में अभी तक सर्वे का काम शुरू नहीं हुआ है। उनके मुताबिक, फसल खराब हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन सर्वे के लिए संबंधित अधिकारी या कर्मचारी अब तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं।

मामले को लेकर दोराहा के नायब तहसीलदार दयाराम मार्को ने कहा कि क्षेत्र में जल्द ही फसल का सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण सर्वे की प्रक्रिया में देरी हुई है। जल्द ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से सर्वे कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब किसानों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है। किसानों ने मांग की है कि खराब फसल का शीघ्र सर्वे कराकर पात्र किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से राहत मिल सके।

बाइट — किसान
बाइट — दयाराम मार्को, नायब तहसीलदार, दोराहा

संवाददाता — जितेंद्र सिंह दांगी
लोकेशन — सीहोर, मध्य प्रदेश

You may also like

Leave a Comment