
ओंकारेश्वर: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने ओंकारेश्वर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता के निर्देश पर नगर परिषद, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ब्रह्मपुरी पार्किंग स्थित स्वर्णकार समाज धर्मशाला में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
प्रशासन के मुताबिक, कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर अधिक जगह उपलब्ध कराना है। इससे सिंहस्थ के दौरान ओंकारेश्वर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में मदद मिलेगी।
सिंहस्थ 2028 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के ओंकारेश्वर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन शहर की व्यवस्थाओं को अभी से दुरुस्त करने में जुट गया है।
अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई इसी तैयारी का हिस्सा मानी जा रही है। प्रशासन का फोकस पार्किंग, यातायात और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए जरूरी स्थान उपलब्ध कराने पर है।
संवाददाता — दिलीप वर्मा
लोकेशन — ओंकारेश्वर