अमरावती, महाराष्ट्र:
पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और रासायनिक खाद की बढ़ती कीमतों तथा बाजार में खाद की कमी के विरोध में अमरावती जिले के अंजनगांव सुर्जी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह आंदोलन अंजनगांव सुर्जी तालुका कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में तहसील कार्यालय के सामने आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलनकारियों का कहना था कि लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों और खाद की कमी से किसानों और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभाव से स्थिति सुधारने की मांग की। ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नियंत्रण, रसोई गैस को सस्ता करने और किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में और बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महंगाई और खाद संकट ने किसानों तथा आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और सरकार को इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।