पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण में आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सात जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है, जहां करीब 3 करोड़ 21 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। शुरुआती रुझानों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है और सुबह 11 बजे तक यानी महज चार घंटों में ही करीब 40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो पूर्व बर्धमान में सबसे ज्यादा 44.50 फीसदी मतदान हुआ है, जबकि कोलकाता साउथ में सबसे कम 36.78 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। इसके अलावा हुगली में 43.12%, नादिया में 40.34%, हावड़ा में 39.45%, नॉर्थ 24 परगना में 38.43%, कोलकाता नॉर्थ में 38.39% और साउथ 24 परगना में 37.92% मतदान हुआ है।
इस चरण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी समेत कई दिग्गज नेता मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए 41 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां वेबकास्टिंग की सुविधा दी गई है। सुरक्षा के लिहाज से 2,300 से अधिक केंद्रीय बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं और ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।
हालांकि, मतदान के बीच पानिहाटी से एक विवादित खबर भी सामने आई है, जहां आरजी कर रेप केस की पीड़िता की मां को टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा घेरने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
गौरतलब है कि इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण में 152 सीटों पर रिकॉर्ड 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो राज्य के इतिहास का अब तक का सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत है। वहीं, चुनाव आयोग और राज्यपाल ने मतदाताओं से शांति बनाए रखते हुए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।