Home वेब स्टोरीजमुंबई को साफ-सुथरा रखने के लिए नए प्रयोगों पर जोर, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे का निरीक्षण और सख्त निर्देश

मुंबई को साफ-सुथरा रखने के लिए नए प्रयोगों पर जोर, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे का निरीक्षण और सख्त निर्देश

by Real Khabren
0 comments

मुंबई को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानी बीएमसी ने अपनी रणनीति को और मजबूत करने का फैसला किया है। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने आज सुबह वडाला, चेंबूर और चुनाभट्टी इलाकों में आकस्मिक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ कहा कि शहर को साफ रखने के लिए कचरा संकलन, वर्गीकरण और परिवहन इस त्रिसूत्री व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। साथ ही नागरिकों, हाउसिंग सोसायटी और सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर स्वच्छता के नए प्रयोगों को जमीन पर उतारने पर जोर दिया गया। इसके लिए टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज जैसे संस्थानों के सहयोग से अध्ययन और मॉडल विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त ने वडाला इलाके के सूखा कचरा केंद्र और प्रमुख सड़कों का दौरा कर सफाई कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सड़कों के किनारे खड़ी बेवारिस गाड़ियों को हटाने और विशेष अभियान चलाकर इलाकों को जल्द साफ करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर यह जाना कि रोज कितनी गाड़ियों से कचरा उठाया जाता है, किन इलाकों में ज्यादा कचरा निकलता है और उसका निस्तारण कैसे होता है। उन्होंने निर्देश दिया कि घर-घर से कचरा संग्रहण और उसके परिवहन की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।
बीएमसी आयुक्त ने यह भी कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन के लिए विशेष योजना बनाई जाए और जनजागरूकता अभियान को तेज किया जाए। ‘मुंबई क्लीन लीग’ के तहत शहर में स्वच्छता की दृश्यता बढ़ाने और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इसके साथ ही उन्होंने वॉर्ड स्तर पर जीआईएस आधारित मैपिंग तैयार करने, कचरा संग्रहण की मॉनिटरिंग के लिए सीसीटीवी लगाने और डेटा आधारित मॉडल विकसित करने के निर्देश दिए। कॉलेज छात्रों के लिए इंटर्नशिप प्रोग्राम और एनजीओ के सहयोग से स्लम क्षेत्रों में जागरूकता अभियान को मजबूत करने की भी बात कही गई।
आयुक्त अश्विनी भिडे ने बस स्टॉप, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई रखने, अवैध ठेलों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने और कचरा फैलाने वालों पर सख्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं।
कुल मिलाकर, बीएमसी अब मुंबई को साफ और सुंदर बनाने के लिए प्रशासन, नागरिक और संस्थाओं की साझेदारी के मॉडल पर काम करने जा रही है।

You may also like

Leave a Comment