
भिवंडी: नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही भिवंडी के बाजारों में एक बार फिर चहल-पहल बढ़ गई है। कई स्कूलों के खुलने से पहले अभिभावक और छात्र स्कूल से जुड़ी आवश्यक सामग्री की खरीदारी में जुट गए हैं।
शहर के प्रमुख बाजारों, स्टेशनरी दुकानों और यूनिफॉर्म सेंटरों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिल रही है। छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ कॉपी, किताबें, स्कूल बैग, यूनिफॉर्म, जूते, पानी की बोतल और अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदते नजर आए।
व्यापारियों के अनुसार, स्कूल खुलने से पहले खरीदारी का यह दौर हर वर्ष देखने को मिलता है, लेकिन इस बार भी ग्राहकों की अच्छी संख्या बाजारों में पहुंच रही है। बढ़ती ग्राहकी से दुकानदारों में उत्साह का माहौल है।
अभिभावक भी बच्चों की स्कूल तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं, ताकि नए सत्र की शुरुआत बिना किसी परेशानी के हो सके। वहीं बच्चों में भी नए बैग, किताबों और यूनिफॉर्म को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है