मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब खेल जगत पर भी देखने को मिल रहा है। हवाई क्षेत्र बंद किए जाने और कई उड़ानों के निलंबन के चलते भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु दुबई एयरपोर्ट पर फंस गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, सिंधु प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन में हिस्सा लेने के लिए बर्मिंघम जा रही थीं। इसी दौरान मिडिल ईस्ट में हालात बिगड़ने के बाद एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे उनकी कनेक्टिंग फ्लाइट प्रभावित हो गई। सिंधु ने सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट की लंबी कतारों और अफरातफरी का वीडियो साझा करते हुए बताया कि अगले आदेश तक सभी उड़ानें स्थगित कर दी गई हैं। फिलहाल उनकी बर्मिंघम पहुंचने की योजना अनिश्चित बनी हुई है।

हालांकि राहत की खबर यह है कि भारत की पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी सुरक्षित बर्मिंघम पहुंच चुके हैं।
वहीं, इस संकट का असर अन्य खेलों पर भी पड़ा है। भारतीय पुरुष बास्केटबॉल टीम 2027 एफआईबीए वर्ल्ड कप एशियाई क्वालीफायर के तहत लेबनान दौरे पर जाने वाली थी, लेकिन मौजूदा हालातों के कारण टीम फिलहाल दोहा में ही अटकी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेबनान का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया गया है और टीम सुरक्षित भारत वापसी के विकल्प तलाश रही है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मिडिल ईस्ट में तनाव लंबे समय तक जारी रहता है, तो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की यात्रा योजनाओं और शेड्यूल पर व्यापक असर पड़ सकता है। खासतौर पर ऑल इंग्लैंड ओपन जैसे ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में कई खिलाड़ियों की भागीदारी प्रभावित हो सकती है।

फिलहाल सभी भारतीय खिलाड़ी सुरक्षित हैं और स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।