सऊदी अरब की राजधानी रियाद में मंगलवार को बड़ा हमला हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी दूतावास को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दो ड्रोन दूतावास परिसर में गिरे, जिसके बाद तेज धमाका हुआ और आग लग गई।
हमले के तुरंत बाद एम्बेसी कंपाउंड में अफरातफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियों और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार इमारत को मामूली नुकसान हुआ है, हालांकि किसी बड़े जानमाल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

रिपोर्ट्स में हमले के पीछे ईरान का नाम सामने आ रहा है, लेकिन अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। घटना के बाद रियाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और दूतावास परिसर के आसपास अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब क्षेत्र में पहले से ही तनाव चरम पर है। माना जा रहा है कि इस घटना से मध्य पूर्व में हालात और अधिक संवेदनशील हो सकते हैं। मामले की जांच जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।