इजराइल- अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग का असर अब पाकिस्तान तक पहुंच गया है। सुरक्षा हालात को देखते हुए पाकिस्तान में मौजूद United States Embassy ने बड़ा फैसला लेते हुए सभी वीज़ा अपॉइंटमेंट 6 मार्च तक रद्द कर दिए हैं।
दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह आदेश राजधानी इस्लामाबाद के साथ-साथ लाहौर और कराची स्थित अमेरिकी दफ्तरों पर भी लागू होगा। अधिकारियों ने इसे एहतियाती कदम बताते हुए नागरिकों से आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
इस फैसले के पीछे सुरक्षा कारण बताए जा रहे हैं। दरअसल, रविवार को Karachi में अमेरिकी कांसुलेट के बाहर उग्र प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच टकराव की स्थिति बन गई, जिसके बाद हुई फायरिंग में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई।

यह विरोध उस खबर के बाद भड़का, जिसमें दावा किया गया था कि ईरान के सर्वोच्च नेता Ali Khamenei की अमेरिका और इजराइल के हमलों में मौत हो गई है। हालांकि इस दावे को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है, लेकिन इस खबर ने पूरे क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा दिया है।
मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष का असर अब दक्षिण एशिया में भी दिखाई देने लगा है। पाकिस्तान में बढ़ते विरोध और सुरक्षा हालात को देखते हुए अमेरिकी मिशन ने फिलहाल अपने नियमित काउंसलर सेवाओं को सीमित कर दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात में जल्द सुधार नहीं हुआ तो इसका असर न सिर्फ कूटनीतिक संबंधों पर पड़ेगा, बल्कि आम नागरिकों और यात्रियों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।