मुंबई में भारत-जापान संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। जापान के मुंबई स्थित महावाणिज्यदूत यागी कोजी ने मुंबई की मेयर रितु तावड़े से बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर वाणिज्य दूतावास के उपवाणिज्यदूत एवं परराष्ट्रीय मामलों के विभागाध्यक्ष निशिओ रियो भी उपस्थित रहे।

महावाणिज्यदूत यागी कोजी ने हाल ही में मेयर पद संभालने पर रितु तावड़े को बधाई दी और उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के आर्थिक संबंधों की शुरुआत मुंबई से हुई थी। उन्होंने जापान के योकोहामा शहर और मुंबई के बीच स्थापित ‘सिस्टर सिटी’ संबंधों का उल्लेख करते हुए दोनों महानगरों के भौगोलिक और आर्थिक साम्य को रेखांकित किया।

यागी कोजी ने कहा कि मुंबई में चल रहे तटीय सड़क परियोजना, मेट्रो विस्तार और बुलेट ट्रेन जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में जापान का सहयोग जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों में भी जापान तकनीकी और वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है।

मेयर रितु तावड़े ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के लिए प्राथमिकताओं का एक स्पष्ट खाका तैयार किया है और उसी के अनुरूप कार्य किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका जापान सरकार और संबंधित संस्थाओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी, ताकि दोनों देशों के बीच विकासात्मक साझेदारी और मजबूत हो सके।
यह मुलाकात मुंबई और जापान के बीच आर्थिक, शहरी और सांस्कृतिक संबंधों को और गहरा करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।