
यवतमाल | महाराष्ट्र
यवतमाल जिले के दिग्रस शहर में गुरुवार दोपहर नए बस स्टैंड के पास शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास के पेड़ों तक फैल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे हुए इस हादसे में 7 से 8 पेड़ जलकर राख हो गए। आग तेजी से फैलने लगी, जिसके चलते आसपास मौजूद लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस चालक अश्विनी इंगले ने तत्काल फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने की वजह माना जा रहा है। आग बुझने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और फायर ब्रिगेड की तत्परता की सराहना की।