Home राज्यउत्तर प्रदेशजुहू में कैंसर अवेयरनेस ड्राइव के दौरान हंगामा, अमृता फडणवीस के सामने महिला ने जताई नाराजगी

जुहू में कैंसर अवेयरनेस ड्राइव के दौरान हंगामा, अमृता फडणवीस के सामने महिला ने जताई नाराजगी

by Kalpana Pandey
0 comments

मुंबई: जुहू में आयोजित एक कैंसर अवेयरनेस ड्राइव उस वक्त चर्चा में आ गई, जब कार्यक्रम के दौरान एक स्थानीय महिला ने आयोजन को लेकर नाराजगी जाहिर कर दी। महिला ने सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही और कथित ट्रैफिक जाम को लेकर कार्यक्रम को तुरंत बंद करने की मांग की।

जानकारी के मुताबिक, पाथ फाउंडेशन और क्वींस ड्राइव क्लब की ओर से कैंसर जागरूकता और मरीजों के समर्थन के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी और सामाजिक कार्यकर्ता अमृता फडणवीस मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुईं। उन्होंने महिला सुपरकार ड्राइव को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

महिला ने कहा- ‘तुरंत यह सब बंद कीजिए’

कार्यक्रम के दौरान एक स्थानीय महिला वहां पहुंची और आयोजन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। वायरल हो रहे वीडियो में महिला को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कार्यक्रम की वजह से उसे देरी हो रही है और वह अपनी गाड़ी लेकर वहां से निकल नहीं पा रही है।

महिला ने कथित तौर पर कहा, “आपके कार्यक्रम की वजह से मुझे देरी हो रही है, तुरंत यह सब बंद कीजिए।”

महिला का आरोप था कि कार्यक्रम में शामिल गाड़ियों और काफिले के कारण उसका रास्ता बाधित हो गया था और उसे जरूरी काम से बाहर जाना था। अमृता फडणवीस की मौजूदगी में हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कैंसर जागरूकता पर भी हुआ कार्यक्रम

विवाद के बीच कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना और मरीजों व कैंसर सर्वाइवर्स को समर्थन देना था। कार्यक्रम में कैंसर सर्वाइवर्स और अन्य मेहमानों ने कैंसर जागरूकता, मानसिक मजबूती और मरीजों को हरसंभव सहयोग देने की जरूरत पर अपने विचार साझा किए।

फिलहाल, महिला की नाराजगी और कार्यक्रम के दौरान हुए घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

You may also like

Leave a Comment