Home राज्यझारखंडआदित्य साहू बने झारखंड भाजपा के नए अध्यक्ष, बूथ स्तर से प्रदेश नेतृत्व तक का सफर

आदित्य साहू बने झारखंड भाजपा के नए अध्यक्ष, बूथ स्तर से प्रदेश नेतृत्व तक का सफर

by Real Khabren
0 comments
आदित्य साहू बने झारखंड भाजपा के

रांची: भारतीय जनता पार्टी की झारखंड इकाई को नया नेतृत्व मिल गया है। राज्यसभा सांसद आदित्य साहू को भाजपा का झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी के संगठनात्मक चुनाव के तहत केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री और केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी जुएल ओराम ने उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में न उतरने के कारण आदित्य साहू का चयन निर्विरोध हुआ है।

आदित्य साहू ने मंगलवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी जुएल ओराम के समक्ष नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद बुधवार को उनके नाम पर मुहर लगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का स्थान लिया है, जो वर्तमान में झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों के लिहाज से आदित्य साहू की नियुक्ति को अहम माना जा रहा है। वे वैश्य समुदाय से आते हैं, जिसे भाजपा का पारंपरिक समर्थक वर्ग माना जाता है। पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति को धार देने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आदित्य साहू जुलाई 2022 में झारखंड से राज्यसभा सांसद चुने गए थे। इससे पहले वे झारखंड प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर भी संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। भाजपा संगठन में दो दशकों से अधिक समय से सक्रिय आदित्य साहू ने बूथ स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक का लंबा सफर तय किया है। वे प्रदेश भाजपा में उपाध्यक्ष, महामंत्री जैसे अहम पदों पर भी रह चुके हैं।

उनके निर्वाचन की घोषणा के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद बीडी राम सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस मौके पर केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी जुएल ओराम ने भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए झारखंड से 21 सदस्यों के निर्वाचन की भी घोषणा की। इनमें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविन्द्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतू चरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश, अन्नपूर्णा देवी और गीता कोड़ा शामिल हैं।

61 वर्षीय आदित्य साहू शिक्षा के क्षेत्र से भी लंबे समय तक जुड़े रहे हैं। वे वर्ष 2019 तक राम टहल चौधरी कॉलेज में व्याख्याता के रूप में कार्यरत थे। संगठनात्मक अनुभव, राजनीतिक समझ और सामाजिक संतुलन के साथ अब आदित्य साहू के कंधों पर झारखंड भाजपा को नई दिशा देने की जिम्मेदारी है।

You may also like

Leave a Comment