Home दुनियाकांजूर घनकचरा प्रकल्प का बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने किया औचक निरीक्षण, दुर्गंध रोकने के उपायों की समीक्षा

कांजूर घनकचरा प्रकल्प का बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ने किया औचक निरीक्षण, दुर्गंध रोकने के उपायों की समीक्षा

by Kalpana Pandey
0 comments

मुंबई के कांजूर स्थित नागरी घनकचरा व्यवस्थापन प्रकल्प का बृहन्मुंबई महानगरपालिका की आयुक्त अश्विनी भिडे ने आज तड़के औचक निरीक्षण किया। करीब डेढ़ घंटे तक प्रकल्प स्थल का दौरा करते हुए उन्होंने कचरा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक सुधार व कार्यक्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कचरा पृथक्करण केंद्र, खाद निर्माण प्रकल्प, गैस से बिजली उत्पादन केंद्र और बायो-रिएक्टर लैंडफिल क्षेत्र का जायजा लिया। प्रकल्प के आसपास रहने वाले नागरिकों को दुर्गंध की समस्या न हो, इसके लिए कचरे पर बायो-एंजाइम युक्त द्रव्य का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही, दुर्गंध नियंत्रण के लिए 11 स्थानों पर ‘मिस्टिंग कैनन’ प्रणाली भी सक्रिय की गई है, जिसकी कार्यप्रणाली का भी उन्होंने निरीक्षण किया।


बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, कांजूर परियोजना लगभग 118 हेक्टेयर यानी करीब 292 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है। यहां प्रतिदिन हजारों टन नगर कचरे का वैज्ञानिक तरीके से बायो-रिएक्टर और खाद निर्माण तकनीक के माध्यम से निस्तारण किया जाता है। कचरे से उत्पन्न मिथेन गैस से बिजली भी बनाई जाती है, जिसका उपयोग प्रकल्प संचालन में किया जाता है, जबकि अतिरिक्त गैस को वैज्ञानिक पद्धति से नष्ट किया जाता है।


निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कचरे पर नियमित रूप से मिट्टी की परत डाली जाए, ताकि दुर्गंध और गैस का फैलाव रोका जा सके। इस मौके पर बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी प्रशांत गायकवाड और किरण दिघावकर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment