आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दबंगों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, विशेन बीएस पेट्रोलियम बरडीहा उर्फ गडेरूआ के मैनेजर विवेक तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 मई 2026 की दोपहर किशन चौहान नामक युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और ज्यादा पेट्रोल देने को लेकर कर्मचारियों से विवाद करने लगा। आरोप है कि शाम करीब सात बजे वह अपने 15 से 16 साथियों और एक महिला के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचा और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे सतीश चंद सिंह पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मामले में मुबारकपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव ने मुखबिर की सूचना पर औझौली पुल के पास से मुख्य आरोपी किशन चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं घटना के बाद आरोपी का हाथ जोड़कर माफी मांगने वाला वीडियो भी चर्चा में बना हुआ है।