महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नतीजों ने राज्य की राजनीति की दिशा साफ कर दी है। 12 जिलों में हुए इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने ज़बरदस्त प्रदर्शन करते हुए खुद को सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित किया है। बीजेपी 12 में से 7 जिला परिषदों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि महायुति गठबंधन ने कुल मिलाकर 563 सीटों पर जीत दर्ज की है।
जिला परिषद की 731 सीटों में से अब तक बीजेपी ने अकेले 236 सीटें जीत ली हैं, जो कि 2017 के चुनावों में मिली 141 सीटों से कहीं ज्यादा हैं। इसके साथ ही बीजेपी ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है। महायुति के अन्य सहयोगी दलों में एनसीपी को 165 और शिवसेना को 162 सीटें मिली हैं, जिससे गठबंधन की ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में पकड़ और मजबूत हुई है।
पंचायत समितियों में भी बीजेपी का दबदबा साफ नजर आया है। 125 पंचायत समितियों की कुल 1,462 सीटों में से बीजेपी ने 410 सीटें जीतकर 2017 के चुनावों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि ग्रामीण राजनीति में भी बीजेपी की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है।

वहीं महाविकास अघाड़ी के लिए ये चुनाव निराशाजनक साबित हुए हैं। उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना को सिर्फ 43 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस महज 55 सीटों पर ही सिमट गई है। चुनावी नतीजों को विपक्ष के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण तीनों क्षेत्रों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि इन नतीजों से यह स्पष्ट है कि जनता ने एक बार फिर महायुति गठबंधन पर अपना भरोसा जताया है। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जनता की नब्ज पहचानने में विफल रहा है, जिसका असर चुनावी नतीजों में साफ दिखाई देता है।