मध्य पूर्व में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी सैन्य तनाव के कारण हवाई क्षेत्र में लगी पाबंदियों से दुबई और संयुक्त अरब अमीरात में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों की अब सुरक्षित वापसी का रास्ता साफ हो गया है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस संकट की घड़ी में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करते हुए विशेष विमानों की व्यवस्था कराई है। जानकारी के अनुसार, स्टार एयर की दो विशेष फ्लाइट आज फुजैरा एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना होंगी। पहली फ्लाइट दोपहर 3:30 बजे और दूसरी 4:30 बजे टेकऑफ करेगी।

इन दोनों विमानों के जरिए कुल 164 यात्री मुंबई पहुंचेंगे। इनमें पुणे के इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 84 छात्र भी शामिल हैं, जो शैक्षणिक दौरे पर दुबई गए थे और अचानक क्षेत्रीय तनाव के कारण वहीं फंस गए थे। इसके अलावा ठाणे, मुरबाड और अहिल्यानगर समेत महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों के अन्य नागरिक भी इस सूची में शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री शिंदे ने दो दिन पहले इन सभी नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्हें भरोसा दिलाया था कि महाराष्ट्र सरकार उनके साथ खड़ी है और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। संबंधित एजेंसियों और एयरलाइन अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के बाद यह विशेष उड़ानें संभव हो सकीं।

शाम 5:30 बजे से 7:00 बजे के बीच सभी यात्रियों के मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचने की संभावना है। इस पहल से संकट में फंसे परिवारों को बड़ी राहत मिली है और राज्य सरकार की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।