अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में स्थित मशहूर Trump Tower में उस समय हड़कंप मच गया जब बिल्डिंग के मेलरूम से एक संदिग्ध पैकेज मिलने की सूचना सामने आई। जानकारी मिलते ही United States Secret Service ने तुरंत कार्रवाई की और इमरजेंसी नंबर 911 पर कॉल कर स्थानीय एजेंसियों को अलर्ट किया।

इसके बाद New York City Police Department का बम स्क्वॉड और बड़ी संख्या में पुलिस व आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। घटना मैनहैटन के फिफ्थ एवेन्यू पर स्थित ट्रंप टॉवर की है, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को सतर्क कर दिया और आसपास के ट्रैफिक पर भी असर देखने को मिला।

जांच के दौरान इमारत को खाली नहीं कराया गया और न ही किसी के घायल होने या गिरफ्तारी की कोई खबर सामने आई है। सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध पैकेट की जांच की, जिसके बाद इसे खतरे की श्रेणी से बाहर कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब अमेरिका में सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही हाई अलर्ट पर हैं। दरअसल, राष्ट्रपति Donald Trump और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते देश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
आपको बता दें कि ट्रंप टॉवर मिडटाउन मैनहैटन के फिफ्थ एवेन्यू पर स्थित 58 मंजिला इमारत है, जिसे साल 1983 में खोला गया था। इस इमारत में लग्जरी अपार्टमेंट, ऑफिस और कई बड़े ब्रांड्स के शोरूम मौजूद हैं और यह लंबे समय से न्यूयॉर्क शहर के प्रमुख लैंडमार्क्स में गिना जाता है।