उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई एक लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 4 मार्च की शाम करीब 3 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई थी। शिकायतकर्ता अपने एक मित्र के साथ घर के सामने खड़े होकर बातचीत कर रहा था, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि इसी दौरान एक अभियुक्त ने गनर की लाइसेंसी बंदूक लेकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस मामले में मु0अ0सं0 87/2026 के तहत धारा 109(1), 352, 351(3), 3(5) बीएनएस और 3/27/30 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय कुमार राव, रिशु यादव, आजाद अहमद उर्फ बिट्टू, शशिकांत राय और अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक अदद लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।