आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस महामुकाबले से पहले सभी की नजरें पिच के मिजाज पर टिकी हुई हैं, क्योंकि यही तय करेगा कि मैच में बल्लेबाज हावी रहेंगे या गेंदबाज अपना कमाल दिखाएंगे।
फाइनल मुकाबले के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम की सेंटर पिच को चुना गया है। यह पिच काली और लाल मिट्टी के मिश्रण से तैयार की गई है, जिस पर आमतौर पर खूब रन बनते हैं। हालांकि मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलने की उम्मीद है, जिससे शुरुआती ओवर्स काफी रोमांचक हो सकते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान इस पिच पर अब तक सिर्फ एक मैच खेला गया है, जो चार हफ्ते पहले साउथ अफ्रीका और कनाडा के बीच हुआ था। ऐसे में फाइनल के लिए पिच पूरी तरह से फ्रेश मानी जा रही है और क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस मैच में एक हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।

अगर इस टूर्नामेंट में अहमदाबाद के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक यहां कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 4 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सिर्फ 2 बार सफलता मिली है। इससे साफ है कि इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला अक्सर फायदेमंद साबित हुआ है।
शाम 7 बजे से शुरू होने वाले मुकाबलों में ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है। हालांकि दिलचस्प बात यह है कि ओस के बावजूद इस वर्ल्ड कप में यहां खेले गए चार नाइट मैचों में से तीन बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ही जीतने में कामयाब रही है। ऐसे में फाइनल मुकाबले में टॉस जीतने वाली टीम क्या फैसला करती है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
अगर नरेंद्र मोदी स्टेडियम के ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड की बात करें तो यहां अब तक 17 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 11 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है, जबकि 6 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 170 से 175 रन के बीच रहता है, जो यह संकेत देता है कि फाइनल में भी बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है।

इस मैदान पर सबसे बड़ा टी20 इंटरनेशनल स्कोर 234 रन का है, जो भारतीय टीम ने फरवरी 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था। वहीं भारत का इस मैदान पर रिकॉर्ड भी काफी मजबूत रहा है। टीम इंडिया ने यहां अब तक 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें से 7 में जीत हासिल की है और केवल 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।
ऐसे में साफ है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल सिर्फ दो टीमों के बीच मुकाबला नहीं होगा, बल्कि पिच, रणनीति और टॉस का फैसला भी इस खिताबी जंग में बेहद अहम भूमिका निभा सकता है।