जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष Farooq Abdullah पर बुधवार रात जम्मू में एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। गनीमत रही कि सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और फारूक अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक फारूक अब्दुल्ला जम्मू में नेशनल कॉन्फ्रेंस के एक कार्यकर्ता के बेटे की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान करीब 70 साल का एक व्यक्ति अचानक पीछे से आया और उसने रिवॉल्वर सीधे फारूक अब्दुल्ला के सिर पर तान दी। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हमलावर का हाथ पकड़कर नीचे कर दिया, जिससे फायर हवा में हो गया और किसी को नुकसान नहीं पहुंचा।

हमले के बाद सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को तुरंत पकड़ लिया। आरोपी की पहचान कमल सिंह जामवाल के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में उसने दावा किया कि वह पिछले 20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारने की योजना बना रहा था और इसी मकसद से उसने हमला किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास कई सालों से लाइसेंसी हथियार है। वह एक कारोबारी बताया जा रहा है और पुराने शहर में उसकी कुछ दुकानें हैं। जिस परिवार की शादी में यह कार्यक्रम था, उससे आरोपी का रिश्तेदारी का संबंध भी बताया जा रहा है।

घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे Omar Abdullah ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक व्यक्ति लोडेड पिस्तौल लेकर उनके पिता के बेहद करीब पहुंच गया और गोली चला दी। उन्होंने कहा कि यह राहत की बात है कि उनके पिता सुरक्षित हैं, लेकिन यह भी बड़ा सवाल है कि Z+ सुरक्षा प्राप्त नेता के इतने करीब हथियार लेकर कोई कैसे पहुंच गया।
वहीं राज्य के डिप्टी मुख्यमंत्री Surinder Choudhary ने भी इस घटना को गंभीर सुरक्षा चूक बताया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय पुलिस की मौजूदगी नहीं थी, जिसकी वजह से इतनी बड़ी घटना हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर ने इस वारदात की योजना कैसे बनाई और सुरक्षा घेरे को पार कर फारूक अब्दुल्ला के इतने करीब कैसे पहुंच गया।