राजधानी दिल्ली में मंगलवार देर रात सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई है। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री की कार पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना कश्मीरी गेट ISBT के पास उस वक्त हुई जब वकील अपने चार साथियों के साथ मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे बाइक सवार हमलावरों ने अचानक कार को चारों ओर से घेर लिया और कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले के दौरान कार चला रहे ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को मौके से निकाला और सिविल लाइंस स्थित एक पांच सितारा होटल की ओर ले गया।
फायरिंग में दीपक खत्री बाल-बाल बच गए, लेकिन कार की पिछली सीट पर बैठे एक शख्स को गोली लग गई। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि यह हमला पुरानी रंजिश या गैंगवार का हिस्सा हो सकता है। गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई पर हत्या, रंगदारी और वसूली समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल जेल में बंद है। हाल ही में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी भी बिश्नोई गैंग ने ली थी।

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास जारी हैं। सरेआम हुई इस वारदात ने एक बार फिर राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया।