महाकुंभ से वायरल हुई लड़की मोनालिसा की इंटरफेथ मैरिज को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मोनालिसा ने हाल ही में केरल में अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान के साथ पहले कोर्ट मैरिज की और फिर हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कर ली। इस शादी के बाद सोशल मीडिया और कई हलकों में बहस छिड़ गई है।
इसी बीच मोनालिसा को अपनी फिल्म में लॉन्च करने की तैयारी कर रहे डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने चौंकाने वाला दावा किया है। सनोज मिश्रा का कहना है कि मोनालिसा की शादी पर सवाल उठाने के बाद उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि कुछ लोग उन्हें ‘सिर तन से जुदा’ करने की धमकी दे रहे हैं और उनकी आवाज बंद रखने के लिए दबाव बना रहे हैं।

सनोज मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि मोनालिसा की शादी एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकती है। उनका कहना है कि अगर यह प्रेम संबंध होता तो परिवार या आसपास के लोगों को इसकी भनक जरूर लगती। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मोनालिसा को प्यार केरल में ही क्यों हुआ, जबकि वह पहले उज्जैन, इंदौर और मुंबई जैसे शहरों में भी रह चुकी थीं।
डायरेक्टर ने यह भी बताया कि वह मोनालिसा को अपनी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ से लॉन्च करने की तैयारी कर रहे थे और इस फिल्म के लिए उन्होंने करीब 10 करोड़ रुपये का कर्ज लिया हुआ है। उनका कहना है कि इस पूरे विवाद की वजह से फिल्म का भविष्य भी खतरे में पड़ गया है।
फिलहाल मोनालिसा की शादी, डायरेक्टर के आरोप और धमकियों के दावों को लेकर मामला चर्चा में है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने सोशल मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस जरूर छेड़ दी है।