अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक खबर सामने आई है। अफगान अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमले में एक अस्पताल को निशाना बनाया गया, जिसमें अब तक 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 250 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह हमला सोमवार देर रात किया गया, जिसमें उस अस्पताल को निशाना बनाया गया जहां नशे की लत से जूझ रहे लोगों का इलाज किया जाता था। हमले के बाद अस्पताल का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया और इमारत में भीषण आग लग गई। राहत और बचाव दल लगातार मलबे में दबे लोगों को निकालने और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस हमले की पुष्टि की है और इसे मानवता के खिलाफ गंभीर अपराध बताया है। स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में मलबे के बीच दमकलकर्मी आग बुझाने और शवों को निकालने की जद्दोजहद करते नजर आ रहे हैं।
वहीं, पाकिस्तान ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पाकिस्तान सरकार का कहना है कि उसने किसी भी नागरिक ठिकाने को निशाना नहीं बनाया, बल्कि काबुल और पूर्वी अफगानिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों और सैन्य ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की गई है। पाकिस्तान के अनुसार, इस ऑपरेशन का उद्देश्य आतंकवादी नेटवर्क और उनके बुनियादी ढांचे को खत्म करना था।
इस हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। सीमा पर पहले से जारी संघर्ष के बीच यह घटना हालात को और ज्यादा गंभीर बना रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है और आने वाले दिनों में इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है।