चेन्नई से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं राज्यमंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने तमिलनाडु में एनडीए की जीत का दावा किया है।
चेन्नई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रामदास आठवले ने कहा कि तमिलनाडु में द्रमुक सरकार के कार्यकाल में दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं और सरकार उन्हें रोकने में असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास की गति भी अपेक्षित स्तर पर नहीं रही है।
रामदास आठवले ने कहा कि तमिलनाडु के सर्वांगीण विकास के लिए एनडीए सरकार ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और आगामी चुनावों में द्रमुक को बड़ा झटका लग सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देशभर में विकास कार्यों को गति दी है, खासकर गरीब और वंचित वर्गों के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं। आठवले के अनुसार, इसी विकास मॉडल को तमिलनाडु में भी लागू करने की आवश्यकता है।

रिपब्लिकन पार्टी की भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि तमिलनाडु में उनकी पार्टी के 18 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनमें से 5 उम्मीदवार चेन्नई शहर में चुनाव लड़ रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि रिपब्लिकन पार्टी के विजयी उम्मीदवार एनडीए को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और राज्य में सरकार गठन में सहयोग करेंगे।
चेन्नई में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान रिपब्लिकन पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रामदास आठवले का जोरदार स्वागत किया।