Home वेब स्टोरीजसंजय राउत रोज़ “उड़ता तीर” खुद पर लेते हैं, बीजेपी प्रवक्ता नवनाथ बन का तीखा हमला

संजय राउत रोज़ “उड़ता तीर” खुद पर लेते हैं, बीजेपी प्रवक्ता नवनाथ बन का तीखा हमला

by Real Khabren
0 comments

मुंबई : बीजेपी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत पर जोरदार निशाना साधा है।
मुंबई में बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नवनाथ बन ने कहा कि संजय राउत को रोज़ “उड़ता तीर” अपने ऊपर लेने की आदत और धंधा हो गया है। उन्होंने साफ कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर बीजेपी की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट है, लेकिन विपक्ष लगातार महिलाओं और नारी शक्ति का अपमान कर रहा है।


नवनाथ बन ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर नारी शक्ति का “बाण” एक बार चल गया, तो विरोधियों को संभलना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने विधानसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि “लाडक्या बहनों” ने पहले ही विपक्ष को उसकी जगह दिखा दी है।
इस दौरान बन ने यह भी कहा कि देवेंद्र फडणवीस किस गुट में हैं, इस पर टिप्पणी करने से पहले संजय राउत को अपने दल की अंदरूनी गुटबाजी पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी में सिर्फ एक ही गुट है “भारत माता की जय” कहने वाला।
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता रोहित पवार पर भी बन ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2023 में महिला आरक्षण विधेयक के समय एनडीए के पास बहुमत होने के कारण विपक्ष ने मजबूरी में समर्थन दिया था। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अब तथ्यों को छुपाकर जनता को गुमराह कर रहा है।
नवनाथ बन ने शरद पवार और सुप्रिया सुले की पार्टी की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर उन्होंने महिला आरक्षण का विरोध किया था, तो उसका जवाब महाराष्ट्र की जनता को देना चाहिए।
इसके साथ ही बन ने दावा किया कि 2019 और 2024 की तरह 2029 का चुनाव भी बीजेपी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीतेगी।
कुल मिलाकर… महिला आरक्षण और राजनीतिक बयानबाज़ी को लेकर महाराष्ट्र की सियासत एक बार फिर गरमा गई है, जहां आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज़ हो चुका है।

You may also like

Leave a Comment