मुंबई में सफाई व्यवस्था को लेकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका अब पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। इसी कड़ी में महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे ने आज सुबह-सुबह एच पश्चिम विभाग के वांद्रे पश्चिम इलाके में औचक निरीक्षण किया।

आयुक्त ने घनकचरा प्रबंधन विभाग की धर्मशाला चौकी और खेरवाड़ी क्षेत्र का दौरा कर मौके पर मौजूद कर्मचारियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति और हाजिरी रजिस्टर की भी गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान अश्विनी भिडे ने साफ तौर पर निर्देश दिए कि इलाके में सड़क सफाई, कचरा प्रबंधन और बस स्टॉप जैसे सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि मुंबई को साफ और व्यवस्थित रखने के लिए हर स्तर पर जिम्मेदारी और सतर्कता जरूरी है।
इसके साथ ही आयुक्त ने महानगरपालिका के सभी प्रशासनिक वॉर्ड्स को आपसी समन्वय बढ़ाने की हिदायत दी, ताकि शहर को और अधिक स्वच्छ बनाया जा सके।
इस मौके पर घनकचरा प्रबंधन के उप आयुक्त किरण दिघावकर, आयुक्त कार्यालय के उप आयुक्त प्रशांत गायकवाड़, परिमंडल 3 के उप आयुक्त विश्वास मोटे और सहायक आयुक्त दिनेश पल्लेवाड सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
मुंबई में स्वच्छता को लेकर इस तरह की सख्ती से साफ संकेत मिल रहे हैं कि अब लापरवाही पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।