
मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत और उद्धव ठाकरे गुट पर तीखा हमला बोला। नवनाथ बन ने कहा कि नासिक कुंभमेले में हिंदू धर्मध्वज फहराए जाने से संजय राउत को “पेट दर्द” हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह धर्मध्वज हिंदू धर्म, सनातन संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है, लेकिन उद्धव गुट को इसका महत्व कभी समझ में नहीं आएगा।
नवनाथ बन ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन की पश्चिम बंगाल और असम में हार के बाद अब संजय राउत संगठन बचाने के लिए नासिक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व का साथ दिए बिना जनता किसी भी राजनीतिक दल के पीछे खड़ी नहीं होगी।
बीजेपी प्रवक्ता ने उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान उन्हें सम्मानपूर्वक निमंत्रण दिया गया था, लेकिन वोट बैंक की राजनीति के कारण वे वहां नहीं गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे को डर है कि अगर वे रामलला के दर्शन करेंगे तो उनका एक खास वोट बैंक नाराज हो जाएगा।
नवनाथ बन ने संजय राउत पर नासिक में बेनामी निवेश और म्हाडा घोटाले में सहयोगियों के शामिल होने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन मामलों की जांच करेगी और यदि किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा नासिक रिंग रोड परियोजना को लेकर भी बीजेपी ने उद्धव गुट पर हमला बोला। नवनाथ बन ने कहा कि सरकार किसानों को उचित मुआवजा देकर भूमि अधिग्रहण कर रही है, लेकिन कुछ लोग सुपारी लेकर विकास परियोजनाओं का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि समृद्धि महामार्ग की तरह रिंग रोड परियोजना का भी राजनीतिक कारणों से विरोध किया जा रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि नासिक में ट्रैफिक जाम की समस्या गंभीर है और रिंग रोड बनने से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र और नासिक की जनता विकास विरोधी राजनीति को समझ चुकी है और ऐसे लोगों को जनता कोई जगह नहीं देगी।