
बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र में प्यार, धोखा और मौत की एक सनसनीखेज कहानी सामने आई है। चार साल तक पति-पत्नी की तरह साथ रहने वाले युवक की जिंदगी उस वक्त खत्म हो गई, जब उसकी प्रेमिका ने कथित तौर पर उसे जिंदा आग के हवाले कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला क्रांति चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि युवक रामचंद्र और आरोपी महिला क्रांति चौधरी पिछले चार वर्षों से साथ रह रहे थे। दोनों बिना शादी के पति-पत्नी की तरह जीवन बिता रहे थे। लेकिन रिश्ते में चल रहे विवाद ने अचानक खौफनाक मोड़ ले लिया।
आरोप है कि घटना वाली रात महिला ने कमरे में आग लगा दी और बाहर से दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गई। आग की लपटों में घिरे रामचंद्र की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।
घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी महिला की तलाश तेज कर दी।
मृतक की मां की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के आधार पर मुंडेरवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी क्रांति चौधरी को मुंडेरवा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
सीओ रुधौली कुलदीप यादव ने बताया कि आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है। वहीं थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह और उनकी टीम की तेज कार्रवाई से पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और लोग इस रिश्ते के दर्दनाक अंत की चर्चा कर रहे हैं।