
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हाल ही में आए भीषण आंधी, तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली के कहर में जान गंवाने वाले परिवारों से मिलने प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री और परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मंत्री ने जिला प्रशासन के साथ पीड़ित परिवारों के घर जाकर उन्हें ढांढस बंधाया और आर्थिक सहायता प्रदान की।
प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह, सदर विधायक राजेंद्र मौर्य और डीएम अभिषेक पांडे सबसे पहले बाघराय क्षेत्र के नारंगपुर गांव पहुंचे, जहां आकाशीय बिजली की चपेट में आकर जान गंवाने वाली शांति देवी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की गई। इसके बाद परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि का प्रमाण पत्र सौंपा गया।
इसके बाद मंत्री और प्रशासनिक टीम महेशगंज थाना क्षेत्र के सराय स्वामी गांव पहुंचे, जहां मृतक शिव भूषण पांडे के परिजनों को भी चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं अंतू क्षेत्र के छतरपुर गांव में मृतक लाल बहादुर के परिवार को भी सरकार की ओर से चार लाख रुपये का सहायता प्रमाण पत्र सौंपा गया।
प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और सभी प्रभावित परिवारों के खातों में सहायता राशि ट्रांसफर कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कृषक बीमा योजना के तहत भी पीड़ित परिवारों को अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
आपको बता दें कि बीते बुधवार को प्रतापगढ़ में तेज आंधी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल राहत पहुंचाने और मंत्री व प्रशासनिक अधिकारियों को पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के निर्देश दिए थे।