Home दुनियामुम्ब्रा रेलवे ब्रिज पर बड़ा हादसा, काम के दौरान खाड़ी में गिरने से मजदूर की मौत

मुम्ब्रा रेलवे ब्रिज पर बड़ा हादसा, काम के दौरान खाड़ी में गिरने से मजदूर की मौत

by Kalpana Pandey
0 comments
मुम्ब्रा रेलवे ब्रिज पर बड़ा हादसा,

मुंबई/ठाणे: मुम्ब्रा फास्ट रेलवे लाइन पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां रेलवे ब्रिज पर पेंटिंग का काम कर रहे एक मजदूर की खाड़ी में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जैनुल आब्दीन (27 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मुम्ब्रा फास्ट रेलवे ब्रिज पर पेंटिंग का कार्य चल रहा था और कई मजदूर काम में लगे हुए थे। इसी दौरान एक ट्रेन के आने पर निगरानी कर रहे कर्मचारी ने चेतावनी स्वरूप सीटी बजाई, जिसके बाद सभी मजदूर सुरक्षित स्थान पर चले गए। हालांकि ट्रेन गुजरने के बाद पता चला कि जैनुल आब्दीन खाड़ी में गिर गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही साथी मजदूरों ने खाड़ी में उसकी तलाश शुरू कर दी। रेलवे पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद जैनुल का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि संभवतः ट्रेन की चपेट या उसके दबाव के कारण मजदूर संतुलन खोकर गिरा, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि उसका संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।

रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मजदूर ट्रेन की चपेट में आने से गिरा या किसी अन्य कारण से हादसे का शिकार हुआ।

You may also like

Leave a Comment