
फर्रुखाबाद पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देते हुए 125 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में एसओजी और सर्विलांस टीम ने आधुनिक तकनीक की मदद से विभिन्न क्षेत्रों से मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसपी आरती सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। कई लोगों ने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल दोबारा मिल सकेगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सर्विलांस टीम लगातार खोए और गुम हुए मोबाइलों की तलाश में सक्रिय रहती है। बरामद मोबाइलों की पहचान और सत्यापन के बाद उन्हें उनके असली मालिकों को सौंपा गया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित थाने या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि बरामदगी की संभावना बढ़ सके।
इस उपलब्धि को जनपद पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। सर्विलांस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस आमजन की संपत्ति की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।