ICC Men’s T20 World Cup 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाईवोल्टेज मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। इस पारी के हीरो रहे ईशान किशन जिन्होंने 40 गेंदों में 77 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख तय कर दिया।
कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत ने शुरुआती झटका जल्दी गंवा दिया था, लेकिन इसके बाद ईशान किशन ने एक छोर संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और 3 छक्के जड़े और करीब 192.50 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। पाकिस्तानी गेंदबाज उनकी लय को तोड़ने में नाकाम दिखे।

ईशान की इस पारी का असर सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा। जैसे ही उन्होंने अर्धशतक पूरा किया और फिर बड़े शॉट्स लगाए, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मीम्स और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। फैंस ने ‘जलवा है हमारा’ लिखते हुए पाकिस्तानी टीम पर तंज कसा। कई यूजर्स ने फिल्मी किरदारों के साथ ईशान की तस्वीरें शेयर कर उन्हें ‘मैच का असली बॉस’ बताया।
टीम इंडिया में वापसी के बाद से ईशान किशन लगातार आक्रामक और आत्मविश्वास से भरे नजर आ रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ इस अहम मुकाबले में उनकी पारी ने न सिर्फ टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि फैंस को भी जश्न मनाने का बड़ा मौका दे दिया।