
गाजीपुर में जनगणना 2026-27 अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल ने बुधवार को सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर पहले चरण का शुभारंभ किया। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है, जिसमें मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल का इस्तेमाल होगा।
पहले चरण में भवन सूचीकरण यानी हाउस लिस्टिंग का कार्य किया जाएगा। इसके लिए जिले में करीब साढ़े सात हजार सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन के अनुसार 7 मई से 21 मई तक नागरिक स्वयं मोबाइल ऐप और वेबसाइट के जरिए अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
इसके बाद 22 मई से 20 जून तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और संपत्तियों से जुड़ी जानकारी एकत्र करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में प्रस्तावित है, जिसमें मुख्य जनसंख्या और जाति आधारित आंकड़े जुटाए जाएंगे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सही जानकारी देकर जनगणना अभियान को सफल बनाएं। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से इस बार जनगणना प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक होगी।