
महाराष्ट्र की सियासत में हिंदुत्व के मुद्दे पर बयानबाज़ी तेज हो गई है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राम कुलकर्णी ने शिवसेना सांसद संजय राऊत पर तीखा हमला बोला है। राम कुलकर्णी ने कहा कि संजय राऊत को कड़वट भाषा का इस्तेमाल शोभा नहीं देता, क्योंकि जिन लोगों ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए प्रखर हिंदुत्व की विचारधारा को कमजोर किया, वे आज हिंदुत्व की बात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के युवाओं और आम जनता के मन में राष्ट्रभक्ति और प्रखर हिंदुत्व की भावना को मजबूत किया है, इसी वजह से जनता मजबूती से बीजेपी के साथ खड़ी है।
राम कुलकर्णी ने आगे कहा कि बीजेपी को हिंदुत्व का पाठ पढ़ाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे के प्रखर हिंदुत्ववादी विचारों से समझौता करने वालों को अब अचानक हिंदुत्व और कड़वटपन का साक्षात्कार हो रहा है, जो आश्चर्यजनक है।
इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हिंदुत्व और विचारधारा को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।