
नयी दिल्ली:पश्चिम बंगाल में एनडीए की ऐतिहासिक सफलता पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नेतृत्व क्षमता की जमकर सराहना की है। शिंदे ने कहा कि यह जीत सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि जनता के विश्वास और विकास की जीत है।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने इस बार भय और भरोसे के बीच साफ चुनाव करते हुए विकास, स्थिरता और राष्ट्रहित के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत का विज़न और देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने का संकल्प जनता के बीच विश्वास का आधार बना।
शिंदे के मुताबिक, इस चुनाव में अमित शाह की रणनीति और सूक्ष्म स्तर पर किया गया संगठनात्मक प्रबंधन बेहद निर्णायक साबित हुआ। उन्होंने कहा कि शाह ने लंबे समय से पश्चिम बंगाल में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए जो माइक्रो प्लानिंग की थी, उसका परिणाम आज ऐतिहासिक जीत के रूप में सामने आया है।
उन्होंने इसे “आधुनिक राजनीति में चाणक्य नीति का सफल उदाहरण” बताया।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अब पश्चिम बंगाल में डबल इंजन सरकार के साथ विकास की रफ्तार और तेज होगी। राज्य में उद्योग, रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश के नए अवसर खुलेंगे, जिससे युवाओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा।
वहीं उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने भ्रष्टाचार, डर और अव्यवस्था की राजनीति को नकार दिया है और विकास की राजनीति को चुना है।
शिंदे ने पश्चिम बंगाल के भाजपा कार्यकर्ताओं और नेता सुवेंदू अधिकारी की भी सराहना की और कहा कि कठिन परिस्थितियों और दबाव के बावजूद कार्यकर्ताओं ने लगातार संघर्ष किया, जिसका परिणाम आज की जीत के रूप में सामने आया है।