Home mumbaiठाणे में 11 दिनों तक मालवणी महोत्सव की धूम, कोकणी संस्कृति और परंपरा का भव्य उत्सव

ठाणे में 11 दिनों तक मालवणी महोत्सव की धूम, कोकणी संस्कृति और परंपरा का भव्य उत्सव

by Real Khabren
0 comments
ठाणे में 11 दिनों तक मालवणी महोत्सव की धूम, कोकणी संस्कृति और परंपरा का भव्य उत्सव

ठाणे:कोकण की समृद्ध संस्कृति, लोककला और परंपराओं का जीवंत संगम एक बार फिर ठाणे में देखने को मिलेगा। कोकण ग्रामविकास मंडल की ओर से मालवणी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन 8 फरवरी से 18 फरवरी तक ठाणे पश्चिम स्थित पोखरण रोड नंबर1, शिवाईनगर के उन्नती मैदान में किया गया है। यह महोत्सव इस वर्ष अपने 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।
इस बार महोत्सव स्थल को स्वर्गीय अजितदादा पवार महोत्सव नगरी के नाम से सजाया गया है। आयोजन का उद्देश्य कोकण के किसानों, शिल्पकारों और स्थानीय व्यवसायियों को बाजार उपलब्ध कराना, साथ ही मालवणी कला और संस्कृति का संरक्षण व प्रचार करना है। महोत्सव में करीब 75 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां शुद्ध मालवणी व्यंजन, कोकणी उत्पाद और हस्तशिल्प उपलब्ध रहेंगे।


महोत्सव में प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वेंगुर्ले के कलाकारों द्वारा दशावतारी नाट्यप्रयोग, डबलबारी भजन, रोजाना अग्निहोत्र विधि, राज्य स्तरीय स्तोत्र पाठ प्रतियोगिता और दो दिवसीय साहित्य सम्मेलन इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। साथ ही काव्य लेखन प्रतियोगिता और युवाओं के लिए रील प्रतियोगिता भी रखी गई है।

महिलाओं के लिए ‘खेल पैठणी का’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिसमें विजेताओं को महारानी पैठणी जीतने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों और बच्चों के लिए समूह नृत्य प्रतियोगिता सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
8 फरवरी को शाम 7 बजे ठाणे के जनसेवक आमदार संजय केळकर, आमदार निरंजन डावखरे और उपमहापौर कृष्णा पाटील के हाथों महोत्सव का उद्घाटन किया जाएगा। इस 11 दिवसीय महोत्सव में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री नारायण राणे सहित राज्य के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहने की संभावना है।
आयोजकों ने ठाणे और आसपास के नागरिकों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस महोत्सव में शामिल होकर मालवणी संस्कृति, परंपरा और स्वाद का आनंद लें। 18 फरवरी को महोत्सव का समापन होगा।

You may also like

Leave a Comment