महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी सामने आने से एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना उस वक्त हुई, जब वह छत्रपति संभाजीनगर से जिला परिषद चुनाव प्रचार के लिए लातूर जाने वाली थीं। उड़ान भरने से ठीक पहले पायलट ने हेलिकॉप्टर में तकनीकी खामी नोटिस की, जिसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलिकॉप्टर यात्रा तत्काल रद्द कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक, पंकजा मुंडे मंगलवार को संभाजीनगर से लातूर के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना होने वाली थीं, लेकिन उड़ान से पहले की गई नियमित जांच में तकनीकी खराबी का पता चल गया। समय रहते खराबी सामने आने से किसी भी तरह की अनहोनी टल गई। इस अचानक घटनाक्रम के चलते पंकजा मुंडे के लातूर में प्रस्तावित चुनावी सभाओं और बैठकों के कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हेलिकॉप्टर में किस तरह की तकनीकी समस्या आई थी। संबंधित एजेंसियों की ओर से हेलिकॉप्टर की जांच की जा रही है। पंकजा मुंडे जिला परिषद चुनाव को लेकर लगातार प्रचार में जुटी हुई हैं और इससे पहले वह छत्रपति संभाजीनगर के बजाजनगर इलाके में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं कर चुकी हैं।

गौरतलब है कि यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब हाल ही में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत हुई थी। ऐसे में पंकजा मुंडे के हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी ने एक बार फिर चुनावी दौरों के दौरान हवाई यात्रा की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, समय रहते सतर्कता बरते जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।